24 घंटे में लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

24 घंटे में लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल पुलिस ने भोटियापड़ाव क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम खूराट, सोमेश्वर (अल्मोड़ा) निवासी प्रदीप सिंह बोरा ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 24 जून को दो अज्ञात युवकों ने उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उनका मोबाइल फोन और दो हजार रुपये की नकदी लूट ली शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सुरागरसी के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, दो हजार रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा सीबीआर मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी निवासी राजपुरा, हल्द्वानी तथा रवि रौतेला निवासी फूलचौड़, हल्द्वानी के रूप में हुई है बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी भी कर दी है।

पूरे अभियान में चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल मुकेश सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।