परिवर्तन संकल्प सम्मेलन से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, सत्ता परिवर्तन का लिया संकल्प

परिवर्तन संकल्प सम्मेलन से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, सत्ता परिवर्तन का लिया संकल्प

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने राजपुरा में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जरिए अपने चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज़ किया सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकल्प दोहराते हुए कार्यकर्ताओं और आम जनता से आगामी चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि एवं जिला प्रभारी करन माहरा ने कहा कि उत्तराखंड बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, कमजोर कानून-व्यवस्था तथा खनन और भूमि माफिया की सक्रियता से जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है साथ ही सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का भी मुद्दा उठाया।

करन माहरा ने बताया कि कांग्रेस ने इन जनहित के मुद्दों को लेकर पूरे प्रदेश में परिवर्तन संकल्प अभियान शुरू किया है उन्होंने कहा कि राज्य के चारों दिशाओं से परिवर्तन यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिनके माध्यम से वरिष्ठ नेता जनता के बीच जाकर संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।

उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था, गौ संरक्षण, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है उन्होंने गौशालाओं की स्थिति, बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।

राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की आवाज को मजबूती देने का जनआंदोलन है उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की कथित विफलताओं और कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को परिवर्तन की इच्छा का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी उन्होंने राजपुरा क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई, लाल निशान लगाने की प्रक्रिया और युवाओं में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद बिष्ट ने की पार्षद प्रीति आर्य और एडवोकेट धर्मवीर ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने किया सम्मेलन में जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश में परिवर्तन की भावना मजबूत हो रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जनता का समर्थन मिलेगा।