

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

नजीबाबाद हाईवे पर सुबह तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गलत दिशा में चला गया, जिसके चलते सामने से आ रही पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।



हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सुचारु किया गया।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।



