

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


शहर के शंकराचार्य चौक पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार साइकिल सवार बुजुर्ग हर्षपाल शंकराचार्य चौक से गुजर रहे थे, तभी निर्माण कार्य में लगे एक कंक्रीट मिक्सर ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।



मृतक बुजुर्ग कनखल क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंक्रीट मिक्सर ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों को सूचना दे दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस दुर्घटना के कारण शंकराचार्य चौक पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया।


स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं और सड़क पर उचित बैरिकेडिंग व व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

