हरिद्वार में बड़ा हादसा टला, बस से सीएनजी सिलेंडर निकलकर लीक

हरिद्वार में बड़ा हादसा टला, बस से सीएनजी सिलेंडर निकलकर लीक

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

भेल क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्राओं को ले जा रही बस के दो सीएनजी सिलेंडर अचानक ढीले होकर निकल गए और टायर में फंस गए। इस दौरान सिलेंडरों से गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार घटना भेल के एचआरडीसी चौक के पास हुई, जहां बस में लगभग 20 से 25 छात्राएं सवार थीं। अचानक हुई इस घटना से छात्राओं में दहशत फैल गई, जिसके बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को किनारे रोक दिया और सभी छात्राओं को सुरक्षित नीचे उतारा।

घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन आसपास के मार्ग को डायवर्ट कर दिया गया ताकि किसी प्रकार का जोखिम न बढ़े।

इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। काफी देर तक गैस रिसाव जारी रहा, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग लगने की कोई घटना नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस से सीएनजी सिलेंडर का इस तरह निकलना गंभीर लापरवाही की ओर संकेत करता है। घटना के बाद संबंधित बसों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि बस भूमानंद नर्सिंग कॉलेज से जुड़ी थी, जो छात्राओं को लेकर जा रही थी। हादसे के बाद कॉलेज प्रबंधन और वाहन की तकनीकी जांच को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बस की तकनीकी स्थिति और मेंटेनेंस रिकॉर्ड की जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर सिलेंडर कैसे ढीले होकर बाहर निकल गए।

गनीमत यह रही कि समय रहते सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।