

स्थान : द्वाराहाट
ब्यूरो रिपोर्ट


द्वाराहाट नगर में इन दिनों राजनीतिक माहौल काफी गर्म बना हुआ है पिछले दो दिनों से कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है, जिससे क्षेत्र की सियासत में हलचल बढ़ गई है दोनों दल एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं और सार्वजनिक रूप से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।


बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और भाजपा जिला अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर सरकार को घेरते हुए “भाजपा सरकार वीक है, तभी तो पेपर लीक है” जैसे नारे लगाए।



कांग्रेस के प्रदर्शन के कुछ समय बाद भाजपा कार्यकर्ता भी उसी स्थान पर विधायक मदन सिंह बिष्ट का पुतला दहन करने पहुंचे भाजपा का कार्यक्रम शुरू ही हुआ था कि विधायक स्वयं मौके पर पहुंच गए, जिससे घटनास्थल का माहौल और अधिक गरमा गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पुतला जलाने के लिए पेट्रोल बर्बाद करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वह स्वयं वहां मौजूद हैं इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

कुछ ही देर में दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को बीच-बचाव के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने और मौके से हटाने का प्रयास किया, जिससे किसी बड़े विवाद को टाला जा सका।

इसी दौरान बिना वर्दी के मौजूद कोतवाली प्रभारी विनोद जोशी भीड़ को नियंत्रित करने लगे इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि बिना वर्दी के किसी को धक्का देना उचित नहीं है और पुलिस प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए इसके बाद कोतवाल को वर्दी पहनकर मौके पर आना पड़ा।


द्वाराहाट की राजनीतिक गलियों में बढ़ता यह तनाव चर्चा का विषय बना हुआ है स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि राजनीतिक दलों के बीच इसी तरह टकराव की स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो सकता है हालांकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कह रहा है।

