

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों और कई संवेदनशील स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं धमकी भरे ई-मेल के सामने आने के बाद उत्तराखंड पुलिस की इंटेलिजेंस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मामले की जांच तेज कर दी है।


जानकारी के अनुसार हरिद्वार, ऋषिकेश, बद्रीनाथ, केदारनाथ धाम सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई थी धमकी भरे संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री का नाम भी शामिल होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने इसे बेहद गंभीरता से लिया।



बताया गया कि 22 जून को सुबह करीब साढ़े नौ बजे मसूरी एसडीएम कार्यालय में यह संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुई थी मेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया तथा संबंधित स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई।


मामले की जांच के लिए एसटीएफ की साइबर कमांडो टीम को सक्रिय किया गया टीम ने ई-मेल के स्रोत और तकनीकी पहलुओं की गहन पड़ताल करते हुए उसे ट्रैक करने का प्रयास किया शुरुआती जांच में मेल की लोकेशन उत्तर अफ्रीकी देश मोरक्को में पाई गई।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण के दौरान यह भी सामने आया है कि मेल भेजने वाला व्यक्ति संयुक्त राज्य अमेरिका का निवासी प्रतीत होता है हालांकि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और कई पहलुओं की पुष्टि की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियों से भी संपर्क किया गया है विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर ई-मेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान और उसके उद्देश्य का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


धमकी के बाद चारधाम यात्रा मार्ग और अन्य संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है पुलिस और खुफिया एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं तथा किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

