

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट


लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में गौलानदी सहित विभिन्न नदियों के तटबंध निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का ने गहरी चिंता व्यक्त की है उन्होंने कहा कि नदी कटाव और बाढ़ से आबादी वाले क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए तटबंधों का समय पर निर्माण बेहद आवश्यक है, लेकिन वर्तमान में यह कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है।


पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि शासन और जिला प्रशासन के बीच समन्वय की कमी के कारण कई महत्वपूर्ण फाइलें लंबे समय से लंबित पड़ी हैं उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की गई है, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।



श्री दुम्का ने वर्ष 2021 की विनाशकारी बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि उस आपदा ने हल्द्वानी और गोलापुर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी बाढ़ के दौरान कई तटबंध क्षतिग्रस्त हो गए थे और कुछ पूरी तरह बह गए थे, लेकिन उनके पुनर्निर्माण का कार्य अब तक अधूरा है।


उन्होंने कहा कि नदियां समय-समय पर अपना मार्ग बदलती रहती हैं, लेकिन आबादी वाले क्षेत्रों को बाढ़ और कटाव से सुरक्षित रखने के लिए मजबूत तटबंध ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच साबित होते हैं यदि इनका निर्माण समय पर नहीं हुआ तो भविष्य में लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्व विधायक ने बताया कि क्षेत्रीय दौरों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने तटबंध निर्माण में हो रही देरी को लेकर चिंता जताई है स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में नदी का बढ़ता जलस्तर उनके लिए खतरा बन जाता है।

उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग करते हुए कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाने चाहिए यदि मानसून के दौरान निर्माण अधूरा रहा तो कार्य प्रभावित होगा और बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है।


अंत में श्री दुम्का ने वर्तमान विधायक से भी इस विषय को गंभीरता से लेने और संबंधित विभागों व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर तटबंध निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की पहल करने का आग्रह किया उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

