

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


राजपुरा क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत कर दी है राजपुरा धोबी घाट चौराहे पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने भाग लेते हुए पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की।


अभियान के दौरान लोगों ने हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि नशे के खिलाफ अब समाज को स्वयं आगे आना होगा क्षेत्रवासियों का कहना था कि नशे की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सामाजिक ताना-बाना भी कमजोर पड़ रहा है।



इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश ने अभियान में सहभागिता करते हुए कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए अभिशाप है उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता और सामाजिक भागीदारी बेहद जरूरी है तथा इस लड़ाई में सभी वर्गों को एकजुट होकर काम करना होगा।

कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट और पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू ने कहा कि नशा तस्करों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारण बड़ी संख्या में युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, जबकि पूर्व में कई बार प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही नशा कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा उन्होंने प्रशासन से नशे के नेटवर्क को तोड़ने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

हस्ताक्षर अभियान में राजपुरा पुलिस के प्रतिनिधियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।


अभियान में एडवोकेट गोविंद बिष्ट, पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू, कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद धर्मवीर, त्रिलोक बनौली, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, विजेंद्र चौहान, राजो टंडन, शशी आर्य, भविष्य रावत, अमित रावत, सूरज प्रकाश, राजेंद्र सिंह बिष्ट, गुरवचन नागपाल, नवीन चौहान समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राजपुरा क्षेत्र को नशामुक्त बनाने और अवैध कारोबार के खिलाफ निरंतर जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया।

