खटीमा के ठेला-फड़ व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, स्थायी स्थान की मांग

खटीमा के ठेला-फड़ व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, स्थायी स्थान की मांग

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर  : अशोक सरकार

खटीमा क्षेत्र में ठेला, फड़ और फुटकर व्यापार करने वाले लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर स्थायी व्यापारिक स्थल उपलब्ध कराने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि वर्षों से अस्थायी स्थानों पर कारोबार करने के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि खटीमा में फल, सब्जी, चाट-पकौड़ी, खान-पान और अन्य छोटे व्यवसायों से जुड़े सैकड़ों परिवार अपना जीवनयापन कर रहे हैं। लेकिन उनके लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होने से वे सड़क किनारे और अस्थायी स्थानों पर कारोबार करने को मजबूर हैं।

व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में पुरानी सब्जी मंडी, सड़कों के किनारे और अन्य अस्थायी जगहों पर दुकानें लगाने के कारण उन्हें प्रशासनिक कार्रवाई, यातायात संबंधी समस्याओं और मौसम की मार जैसी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ठेला-फड़ और फुटकर व्यापारियों के लिए स्थायी रूप से भूमि चिन्हित कर व्यवस्थित बाजार विकसित किया जाए, जिससे उनका रोजगार सुरक्षित हो सके।

व्यापारियों का कहना है कि बढ़ती आबादी और बाजार क्षेत्र में जगह की कमी के चलते उनकी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उचित स्थान न होने से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और आजीविका पर भी संकट गहराता जा रहा है।

ज्ञापन में खटीमा क्षेत्र की खाली पड़ी सरकारी भूमि, पुरानी तहसील परिसर तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर व्यापारियों के लिए स्थायी व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया गया है।

व्यापारियों ने कहा कि यदि उन्हें निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाता है तो न केवल उनका रोजगार सुरक्षित होगा, बल्कि शहर में यातायात और बाजार व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।

अब व्यापारियों की इस मांग पर प्रशासन और राज्य सरकार क्या निर्णय लेती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक पहल की जाएगी।