

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


लालकुआँ विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और नैनीताल जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ हल्दूचौड़ स्थित 30 शैय्यायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।


निरीक्षण के दौरान विधायक और सीएमओ ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी और सुगम बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।



अस्पताल में स्थापित एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने इन सुविधाओं के संचालन में आ रही तकनीकी और मानव संसाधन संबंधी समस्याओं पर चर्चा की।


विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक्सरे और अल्ट्रासाउंड सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक तकनीशियनों की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन सुविधाओं के पूर्ण रूप से संचालित न होने के कारण मरीजों को अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। ऐसे में इन सेवाओं को जल्द शुरू करना प्राथमिकता होनी चाहिए।


बैठक के दौरान 200 बेड वाले मोतीनगर अस्पताल को शीघ्र शुरू करने के विषय पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों से अस्पताल के संचालन से संबंधित आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली गई।



इसके अलावा बिंदुखत्ता और लालकुआँ अस्पतालों में भी एक्सरे, अल्ट्रासाउंड तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया।

