

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी और ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।


शिलान्यास की गई परियोजनाओं में हल्दूचौड़-दौलिया सड़क प्रमुख है, जिसके निर्माण पर 2 करोड़ 58 लाख 74 हजार रुपये की लागत व्यय की जाएगी। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा।



इसके अलावा पंचायत घर से गौला रोड तक के महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण के लिए 2 करोड़ 39 लाख 93 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस मार्ग के बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।


वहीं डूंगरपुर मार्ग पर भी 17 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। यह सड़क ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

