

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


मानसून सीजन के दौरान शहर में बढ़ती जलभराव की समस्या को देखते हुए देहरादून की अग्निशमन यूनिट को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। विभाग ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।


मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि जलभराव जैसी आपात स्थितियों में अग्निशमन विभाग जनता को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।



उन्होंने बताया कि विभाग के पास उपलब्ध ‘पोर्टेबल पंप’ जल निकासी कार्यों में बेहद प्रभावी साबित होते हैं। इन पंपों की मदद से फायर सर्विस टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर पानी निकासी का काम शुरू करती है, जिससे नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।


अभिनव त्यागी ने कहा कि अग्निशमन विभाग की भूमिका एक ‘फर्स्ट रेस्पॉन्डर’ के रूप में होती है और टीम का रिस्पॉन्स टाइम बेहद कम रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जलभराव से निपटने की प्राथमिक जिम्मेदारी नगर निगम और संबंधित विभागों की है, जिनके पास बड़े पंप और संसाधन उपलब्ध होते हैं। हालांकि, फायर सर्विस आवश्यकता पड़ने पर सहयोगी एजेंसी के रूप में कार्य करती है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि जैसे ही जलभराव की सूचना मिलती है, दमकल कर्मी पोर्टेबल पंप के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर जल निकासी शुरू कर देते हैं। इससे न केवल आवागमन सुचारु होता है बल्कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में भी मदद मिलती है।


उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भारी बारिश और जलभराव की स्थिति में सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर सर्विस या आपदा प्रबंधन विभाग को सूचित करें।

