

स्थान : हरिद्वार (भगवानपुर)
ब्यूरो रिपोर्ट


भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के युवा प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र चौधरी ने अपने कार्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में दर्जनों युवाओं को संगठन की सदस्यता दिलाई। इस दौरान उन्होंने सभी नए सदस्यों का गमछा और टोपी पहनाकर स्वागत किया तथा संगठन की नीतियों और उद्देश्यों से अवगत कराया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोगेंद्र चौधरी ने कहा कि भाकियू अम्बावता किसानों के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन सड़क से लेकर राजधानी तक किसानों की आवाज बुलंद करने का काम कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।



उन्होंने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली के बढ़ते बिलों और गन्ना भुगतान की समस्याओं ने किसानों को परेशान कर रखा है। किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है, जिसके लिए सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।


जोगेंद्र चौधरी ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

इस अवसर पर संगठन में शामिल हुए युवाओं ने भी किसानों के हितों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। संगठन पदाधिकारियों ने नए सदस्यों से गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

वहीं, भाकियू अम्बावता के प्रदेश उपाध्यक्ष आजम खान ने कहा कि किसानों का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसानों के साथ अन्याय जारी रहा तो संगठन बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।


कार्यक्रम के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि किसान समाज की ताकत हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए भाकियू अम्बावता हर परिस्थिति में संघर्ष करती रहेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

