

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोट


उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रगति की जानकारी ली।


बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में SIR प्रक्रिया के तहत लगभग 90 प्रतिशत फॉर्मों का वितरण पूरा कर लिया गया है, जबकि प्राप्त जानकारी को तेजी से डिजिटल रूप में अपडेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


अधिकारियों के अनुसार, द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म वितरण का कार्य 99 प्रतिशत तक पहुंच चुका है, जबकि अब तक करीब 24 प्रतिशत डेटा को डिजिटली अपडेट किया जा चुका है। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी कार्य तेजी से जारी है।


जिलाधिकारी ने जिले की सभी छह विधानसभा सीटों में चल रही SIR प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा किया जाए।

प्रशासन का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

फिलहाल जिले भर में पुनरीक्षण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है और प्रशासन ने भरोसा जताया है कि निर्धारित समय में सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।



