

स्थान : किच्छा
ब्यूरो रिपोर्ट


ग्राम पंचायत खुरपिया के भूमिहीन खेतिहर मजदूरों ने अपनी लंबे समय से लंबित भूमि आवंटन की मांग को लेकर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ सैकड़ों ग्रामीणों ने तहसीलदार एच.सी. त्रिपाठी के माध्यम से मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री को ज्ञापन भेजा।


ग्रामीणों ने मांग की है कि अनुसूचित जाति के भूमिहीन परिवारों के लिए आरक्षित भूमि को जमरानी बांध प्रभावितों की तर्ज पर पात्र व्यक्तियों को शीघ्र आवंटित किया जाए। उनका कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से इस समस्या को लेकर लगातार शासन-प्रशासन के चक्कर लगा रहे हैं।



ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में राजस्व परिषद, जिलाधिकारी सहित कई अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। कुछ ग्रामीणों ने न्यायालय का भी रुख किया था, जहां से पात्र किसानों को कृषि योग्य भूमि आवंटित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।


ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि आरक्षित भूमि का नियमानुसार जल्द से जल्द आवंटन किया जाए और प्रशासन को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामसभा खुरपिया और भूमि प्रबंधन समिति के माध्यम से बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में भूमिहीन किसान और मजदूर मौजूद रहे। फिलहाल सभी की निगाहें शासन के निर्णय पर टिकी हुई हैं कि वर्षों पुरानी इस मांग पर सरकार कब तक कोई ठोस कदम उठाती है।


