सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब, हर की पौड़ी पर उमड़ी लाखों की भीड़

सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब, हर की पौड़ी पर उमड़ी लाखों की भीड़

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

सोमवती अमावस्या और वीकेंड के विशेष संयोग पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार तड़के सुबह 3 बजे से ही पवित्र गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का हर की पौड़ी सहित विभिन्न घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए हरिद्वार पहुंच गए, जिससे पूरे शहर में भारी भीड़ का माहौल बना रहा।

हर की पौड़ी, मालवीय घाट, सुभाष घाट और अन्य प्रमुख स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दिन चढ़ने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। शहर के प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी रही।

भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रात भर ग्राउंड जीरो पर मोर्चा संभालते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न घाटों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 6 सुपर जोन, 16 जोन और 46 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर जल पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, अभिसूचना इकाई तथा सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी लगातार निगरानी में जुटे हुए हैं। घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य और अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में उमड़ी आस्था की यह विशाल भीड़ धार्मिक महत्व के साथ-साथ प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी बड़ी परीक्षा साबित हो रही है।