

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चम्पावत में रविवार को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए थे।


परीक्षा के लिए जनपद मुख्यालय चम्पावत में 4 तथा लोहाघाट में 6 सहित कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।



आंकड़ों के अनुसार, सभी केंद्रों पर कुल 3417 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2151 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। यह कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का 62.95 प्रतिशत रहा। वहीं 1266 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे, जिनका प्रतिशत 37.05 दर्ज किया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई थी तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की पुख्ता तैयारियों और विभिन्न विभागों के समन्वय के चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

वहीं लोहाघाट में उपजिलाधिकारी नीतू डांगर के निर्देशन में छह परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की गई। एसडीएम ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की समस्या की सूचना नहीं मिली।

परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था तथा सुरक्षा की दृष्टि से धारा 163 लागू की गई थी। इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और गोपनीयता सुनिश्चित की जा सके।



परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच निर्धारित स्थान पर भेजा गया। परीक्षा के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

