

ब्यूरो रिपोर्ट


बिहार की राजधानी पटना स्थित पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि पत्थरबाज़ी और पुलिस से झड़प की स्थिति बन गई।


जानकारी के अनुसार, हजारों परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए कटिहार जाने वाली ट्रेनों की प्रतीक्षा में स्टेशन पर पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रेनों की पर्याप्त व्यवस्था न होने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।



स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई और कुछ छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर ट्रेनों को रोक दिया तथा रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालात को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन विरोध और तेज हो गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
इसके जवाब में कुछ छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान पटना ज़ोन के आईजी जितेंद्र राणा भी चोटिल हो गए।

आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि लगभग 200 से 250 छात्र ट्रेन रोककर विरोध कर रहे थे और समझाने के प्रयास के बावजूद उन्होंने पथराव शुरू कर दिया, जिससे हालात बिगड़ गए।


वहीं प्रशासन का कहना है कि भीड़ को देखते हुए देर रात स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था भी की गई थी और स्टेशन पर पहले से दो विशेष ट्रेनें मौजूद थीं, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों का विरोध जारी रहा।
पटना जिला प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण का दावा करते हुए कहा कि रविवार सुबह तक हालात काबू में कर लिए गए। वहीं रेलवे और पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

