

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


विश्व साइकिलिंग दिवस के अवसर पर रानीखेत में माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब द्वारा उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में साइक्लिंग रैली (फन राइड) का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


इस साइक्लिंग रैली में 9 वर्ष से लेकर 54 वर्ष तक की आयु के कुल 41 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और डिजिटल स्क्रीन समय से दूरी बनाकर सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक और उनकी धर्मपत्नी मनीषा महादिक मौजूद रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और ऐसे आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताया।


रैली को रानीखेत क्लब से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसे रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के अध्यक्ष एवं पर्वतारोही सुमित गोयल सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से रवाना किया। आयोजन में 15.5 किलोमीटर और 11 किलोमीटर के दो अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए थे।

सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और बढ़ गया। आयोजन को सफल बनाने में कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर और राजकीय चिकित्सालय रानीखेत का विशेष सहयोग रहा।


संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने आयोजन की सफलता पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं और इस तरह के आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।


कार्यक्रम के संचालन में ज़िया खान, अनिल गोयल, जीवन कुवार्बी, सी.एस. जैन, गौरव पांडे और एस.एस. फर्त्याल सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं क्लब के सचिव देवांशु साह, कोषाध्यक्ष अरविंद साह और उपाध्यक्ष विवेक पांडे समेत सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

