कार्बेट टाइगर रिजर्व में सागौन कटान मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

कार्बेट टाइगर रिजर्व में सागौन कटान मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

कार्बेट टाइगर रिजर्व में अवैध रूप से सागौन के पेड़ों की कटाई के मामले में वन विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कार्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी वन क्षेत्र अंतर्गत फूलताल ब्लॉक, आमडंडा पुरानी बीट (नई प्रस्तावित रिगौड़ा बीट) के कक्ष संख्या-03 में 28 मार्च को राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप सागौन के पेड़ों का अवैध कटान किया गया था। इस मामले में बिजरानी रेंज में वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान ग्राम बच्चीपुर धमोला निवासी सुलेमान पुत्र शमशेर अली की संलिप्तता सामने आई। जांच अधिकारी द्वारा आरोपी को कई बार नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वह लगातार फरार रहा। इसके बाद वन विभाग ने न्यायालय रामनगर से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया।

न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद रामनगर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कार्बेट प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह ने उसके बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वन एवं वन्यजीव अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत काम किया जा रहा है। इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन की इस कार्रवाई को वन अपराधों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जंगलोंऔर वन्यजीवों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।