

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट


कैंची धाम स्थापना दिवस के अवसर पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात एवं सुरक्षा योजना लागू की है। इसके तहत 13, 14, 15 और 16 जून को भवाली से कैंची धाम तक पूरे क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है।


इस अवधि में कैंची धाम मार्ग पर केवल शटल वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को निजी वाहनों से सीधे मंदिर तक जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने इसके लिए भीमताल और भवाली में अस्थायी पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है।



इन पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और भीड़ का दबाव नियंत्रित किया जा सके।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह योजना लागू की गई है। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्था का पालन करें और सहयोग बनाए रखें, ताकि स्थापना दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


