

स्थान : हल्द्वानी (नैनीताल)
रिपोर्टर : संजय जोशी


उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा जनपद नैनीताल में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जा रही है। प्रशासन और पुलिस विभाग ने परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी कर्मियों को अलर्ट मोड में रहकर सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।


परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए हर केंद्र पर सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

जनपद की एलआईयू और एसओजी टीमें भी लगातार सक्रिय हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों और वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है।


जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। केंद्रों की परिधि में भी सुरक्षा व्यवस्था को सख्त रखा गया है ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके।


पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी निगरानी शुरू की है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता किसी भी स्तर पर प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

