

स्थान : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट


उधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित बग्गा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने छोलिया और थारू सांस्कृतिक नृत्य के साथ मुख्यमंत्री का पारंपरिक और भव्य स्वागत किया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में विकास कार्यों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने जनता का अभिवादन करते हुए सरकार की उपलब्धियों को साझा किया।



अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गईं।

मुख्यमंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभाव उत्तराखंड में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं जैसे ऐतिहासिक फैसले लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन कदमों से युवाओं में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।


उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

