

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट


चमोली जिले के थराली क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पड़ी एक महत्वपूर्ण मांग आखिरकार पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। शनिवार को थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने पैनगढ़-देवलग्वाड़-सूना-थराली गांव को थराली बाजार से जोड़ने वाले प्राणमती नदी पर बनने वाले बेली ब्रिज का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।


यह बेली ब्रिज क्षेत्र के पांच गांवों के लिए जीवनरेखा साबित होगा। पुल के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और थराली बाजार तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा। स्थानीय लोग लंबे समय से इस परियोजना के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।



थराली-सूना-देवलग्वाड़-पैनगढ़ मोटरमार्ग पर बनने वाले एप्रोच रोड और बेली ब्रिज निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास भी किया गया। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, पिछले चार वर्षों से इस वैकल्पिक मोटरमार्ग के लिए भूमि को लेकर विभाग और ग्रामीणों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण मोटरमार्ग और बेली ब्रिज का निर्माण कार्य लगातार रुका हुआ था, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अब विवाद सुलझने और निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से न केवल यातायात सुविधाजनक होगा, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को बड़ी मदद मिलेगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भूपाल राम टम्टा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, सभासद मोहन पंत, सभासद दिवाकर नेगी, कैलाश देवराड़ी, अनवीर चिनवान, सहायक अभियंता बबीता आर्या सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास और बेहतर संपर्क व्यवस्था को लेकर खुशी का माहौल देखने को मिला।

