

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


उत्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में नव-निर्मित वाणिज्य संकाय एवं कला संकाय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने महाविद्यालय को स्वायत्त (ऑटोनॉमस) संस्थान के रूप में विकसित करने की घोषणा करते हुए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का ऐलान किया।


डॉ. रावत ने कहा कि महाविद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध गतिविधियों, अनुशासन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर संस्थान को स्वायत्त महाविद्यालय का दर्जा दिलाने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।



विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए मंत्री ने महाविद्यालय में बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) एवं बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन्स) पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रबंधन और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगी।


उच्च शिक्षा मंत्री ने कंप्यूटर शिक्षा को और मजबूत बनाने के लिए 50 अतिरिक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने तथा कंप्यूटर प्रयोगशाला को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का आश्वासन दिया। साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन हेतु अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस कक्ष स्थापित करने की घोषणा भी की।
महाविद्यालय परिसर में नव-निर्मित भवनों और पुराने परिसर के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए 40 लाख रुपये की लागत से संपर्क मार्ग निर्माण की भी घोषणा की गई।


कार्यक्रम के दौरान सहायक प्राध्यापिका डॉ. बर्खा रौतेला द्वारा तैयार विकास परियोजना प्रतिवेदन की सराहना करते हुए डॉ. रावत ने इसे संस्थान की दूरदर्शी सोच का प्रतीक बताया। उन्होंने महाविद्यालय की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर आधारित एक वृत्तचित्र तैयार करने का सुझाव भी दिया।


अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों को केवल शिक्षण तक सीमित न रहकर अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, तकनीकी दक्षता और नैतिक मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक प्रमोद नैनवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, राज्य मंत्री कैलाश पंत, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री विमला रावत, पूर्व प्रमुख धन सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

