महुआडाबरा नगर पंचायत बोर्ड बैठक में विकास कार्यों पर लगी मुहर

महुआडाबरा नगर पंचायत बोर्ड बैठक में विकास कार्यों पर लगी मुहर

स्थान : जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट


जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर स्थित नगर पंचायत महुआडाबरा में शनिवार को नगर पंचायत बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्षा श्रीमती गायत्री देवी ने की। इस दौरान सभी वार्ड सभासद उपस्थित रहे और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सभासदों ने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

भीषण गर्मी को देखते हुए क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करने के लिए कई स्थानों पर नए सरकारी हैंडपंप स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में इस प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सहमति जताते हुए इसे मंजूरी प्रदान की।

नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कों और गलियों को रोशन करने के लिए 500 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा खराब एवं बंद पड़ी पुरानी लाइटों की मरम्मत कराकर उन्हें पुनः संचालित करने की योजना भी तैयार की गई है।

अध्यक्षा श्रीमती गायत्री देवी ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बोर्ड पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

बैठक में विभिन्न वार्डों की सड़क, सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कई अन्य प्रस्ताव भी रखे गए। सभी प्रस्तावों पर उपस्थित सभासदों ने अपनी सहमति जताते हुए उन्हें स्वीकृति प्रदान की।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आदित्य जोशी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि क्षेत्रवासियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा स्वीकृत विकास कार्यों को जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।