अल्मोड़ा में मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने की प्रेस वार्ता और कार्यालय निरीक्षण

अल्मोड़ा में मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने की प्रेस वार्ता और कार्यालय निरीक्षण

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

अल्मोड़ा में गुरुवार को उत्तराखंड सरकार की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने सर्किट हाउस में पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को अहम बताया।

प्रेस वार्ता में ध्रुव रौतेला ने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनहितकारी योजनाओं की सही और तथ्यात्मक जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना जरूरी है, जिससे योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच सके।

उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए सरकार स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं और उनके हितों एवं सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह सहित जनपद के कई पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की गई।

इसी क्रम में उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने जिला सूचना कार्यालय अल्मोड़ा का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी ने उनका स्वागत किया और विभागीय कार्यों, स्टाफ व्यवस्था तथा जनपद में प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र-पत्रिकाओं की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की और स्टाफ से संवाद कर विभागीय प्रक्रियाओं को समझा। उन्होंने प्रचार सामग्री के वितरण, पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं और सूचना प्रसार कार्यों की स्थिति की जानकारी भी ली।

ध्रुव रौतेला ने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार सूचना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सूचना विभाग प्रेस और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करे, ताकि सरकारी योजनाओं की जानकारी समय पर और सही रूप में जनता तक पहुंच सके।