उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को बड़ी उपलब्धि, SWAYAM पर 5 नए ऑनलाइन कोर्स शुरू होंगे

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को बड़ी उपलब्धि, SWAYAM पर 5 नए ऑनलाइन कोर्स शुरू होंगे

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) ने डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को भारत सरकार के SWAYAM प्लेटफॉर्म पर 5 नए ऑनलाइन MOOCs पाठ्यक्रम संचालित करने की स्वीकृति मिल गई है। ये सभी पाठ्यक्रम जुलाई 2026 सत्र से शुरू किए जाएंगे।

इन प्रत्येक 4 क्रेडिट पाठ्यक्रम के लिए केंद्र सरकार द्वारा ₹13.50 लाख की दर से अनुदान प्रदान किया जाएगा, जिससे कुल ₹67.50 लाख का वित्तीय सहयोग विश्वविद्यालय को प्राप्त होगा।

स्वीकृत पाठ्यक्रमों में “ऑपरेशनल मैनेजमेंट ऑफ होमस्टे स्टार्ट-अप्स”, “माइक्रो फाइनेंस”, “डेवलपमेंट स्टडीज़: इंट्रोडक्शन एंड थ्योरीज़”, “सीपीएस-3 असेसमेंट फॉर लर्निंग” तथा “बेसिक्स ऑफ एनालिटिकल लेबोरेटरी टेक्नीक्स” शामिल हैं। इन कोर्सेज में कौशल विकास, उद्यमिता, वित्तीय साक्षरता, शिक्षा और प्रयोगशाला तकनीक जैसे आधुनिक और रोजगारोन्मुख विषयों को शामिल किया गया है।

विश्वविद्यालय पहले से ही SWAYAM प्लेटफॉर्म पर 12 ऑनलाइन MOOCs पाठ्यक्रमों का सफल संचालन कर रहा है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में इन पाठ्यक्रमों में 69,771 शिक्षार्थियों ने नामांकन किया, जबकि अब तक कुल नामांकन संख्या 2,34,153 तक पहुंच चुकी है।

इनमें “इंट्रोडक्शन टू साइबर सिक्योरिटी” सबसे लोकप्रिय पाठ्यक्रम रहा है, जिसमें अब तक 1,38,364 शिक्षार्थियों ने नामांकन किया है। यह कोर्स अब तक 65 देशों तक अपनी पहुंच बना चुका है, जो विश्वविद्यालय की वैश्विक उपस्थिति को दर्शाता है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी ने इस उपलब्धि पर कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को अधिक से अधिक शिक्षार्थियों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि SWAYAM जैसे राष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय की बढ़ती भागीदारी डिजिटल शिक्षा, आजीवन अधिगम और कौशल आधारित शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में विश्वविद्यालय रोजगारोन्मुख और समाजोपयोगी ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के विकास पर और अधिक ध्यान देगा, ताकि युवाओं को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा और कौशल मिल सके।

यह उपलब्धि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के लिए डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत कदम मानी जा रही है, जिससे राज्य के साथ-साथ देश और विदेश के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा।