रामनगर में रिजॉर्ट निर्माण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, काम रोका गया

रामनगर में रिजॉर्ट निर्माण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, काम रोका गया

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रामनगर के मोहान क्षेत्र में निर्माणाधीन एक रिजॉर्ट पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी रामनगर के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें कृषि, वन, सिंचाई और श्रम विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

प्रशासन को इस निर्माण को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रारंभिक रूप से कई अनियमितताओं की आशंका सामने आई है, जिसके आधार पर निर्माण कार्य को फिलहाल बंद करा दिया गया है।

निरीक्षण में सामने आया कि निर्माणाधीन रिजॉर्ट उस स्थान पर बनाया जा रहा था, जहां पहले सिंचाई विभाग की गूल (नहर प्रणाली) संचालित होती थी। आरोप है कि इस गूल को बिना किसी अनुमति के डायवर्ट कर दिया गया, और इसके लिए सिंचाई विभाग से आवश्यक एनओसी भी नहीं ली गई थी।

इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और जांच जारी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण या अवैध निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस मामले को गंभीरता से देख रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इसके अलावा, भवन की ऊंचाई और निर्माण मानकों को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। इस पर प्राधिकरण की अलग टीम जांच कर रही है कि कहीं नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ है।

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है, जिससे अन्य निर्माण गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई के बाद अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी जांच की संभावना जताई जा रही है, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके