

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


भाजपा प्रदेश महामंत्री परिहार ने चंपावत जिले के दौरे के दौरान प्रेस वार्ता कर पार्टी के प्रशिक्षण अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण अभियान चला रही है। इसी क्रम में उत्तराखंड में भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है।


प्रदेश महामंत्री ने बताया कि पहले चरण में उत्तराखंड के 304 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। अब दूसरे चरण के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य के सात जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं।


उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 14 और 15 मई को चंपावत जिले में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 15 और 16 मई को पिथौरागढ़ जिले के आदि कैलाश गुंजी क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होना तय किया गया है।


परिहार ने कहा कि इन प्रशिक्षण वर्गों में कार्यकर्ताओं को जनसंघ से लेकर भाजपा के इतिहास तक की विस्तृत जानकारी दी जाती है। साथ ही देश के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना किस प्रकार करना है, इस विषय पर भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी जा रही है। कार्यकर्ताओं को बताया जा रहा है कि वे जनता के बीच जाकर संवाद स्थापित करें और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि वर्तमान समय एआई और आधुनिक तकनीक का दौर है। ऐसे में संगठन को और मजबूत करने के लिए तकनीक का उपयोग कैसे किया जाए, इस विषय पर भी प्रशिक्षण वर्गों में विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा तकनीक के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को और प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।


उन्होंने प्रशिक्षण वर्गों के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि “व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण” भाजपा की मूल सोच है। पार्टी इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से इसी विचार को साकार करने का प्रयास कर रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, प्रदेश महामंत्री निर्मल महरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

