टिहरी में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 533 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

टिहरी में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 533 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

स्थान : टिहरी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

टिहरी गढ़वाल को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत मुनिकीरेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 533 ग्राम चरस बरामद की है।

श्वेता चौबे के निर्देशों पर जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुनिकीरेती थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील थापा निवासी हरियाणा टापू हरिद्वार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है।

प्रदीप चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किस नेटवर्क के जरिए नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाने चाहिए।