सड़क सुरक्षा को लेकर चमोली में समन्वय गोष्ठी, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर जोर

सड़क सुरक्षा को लेकर चमोली में समन्वय गोष्ठी, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर जोर

ब्यूरो रिपोर्ट

गोपेश्वर स्थित पुलिस कार्यालय में रविवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। यह बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली के तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसमें बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

गोष्ठी में सुरजीत सिंह पँवार और पुनीत कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में माननीय सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में जारी निर्देशों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अनाधिकृत पार्किंग रोकने को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

गोष्ठी में यह निर्णय लिया गया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया और एनएचआईडीसीएल को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों से अवगत कराते हुए उनका कड़ाई से पालन कराया जाएगा। साथ ही भविष्य में इस विषय पर विधिक सेवा प्राधिकरण स्तर पर भी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा की जाएगी।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क किनारे गलत तरीके से पार्क किए गए वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं।

त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बद्रीनाथ हाईवे पर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ‘iRAD’ एप का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दुर्घटनाओं से जुड़े विस्तृत आंकड़े दर्ज किए जाते हैं, जिनमें सड़क की स्थिति, मौसम, दृश्यता और वाहन संबंधी जानकारी शामिल होती है।

उन्होंने बताया कि iRAD से प्राप्त डेटा के आधार पर राजमार्ग के ब्लैक स्पॉट्स का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा रहा है। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि भविष्य में हादसों को कम किया जा सके।

गोष्ठी के दौरान सचिव पुनीत कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता का विषय भी है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों के अनुपालन में जल्द ही जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और अन्य एजेंसियों के साथ एक व्यापक समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान समीर बहुगुणा भी मौजूद रहे।