

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में मई महीने में ही मानसून जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक अचानक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया है। तेज बारिश, ओलावृष्टि और हवाओं के चलते कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।


हरिद्वार, देहरादून समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। घने बादलों और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली।


हरिद्वार में बारिश शुरू होते ही यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया।


मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया था। विभाग की चेतावनी सटीक साबित हुई और कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे।
मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खासकर आम, लीची और अन्य फसलों पर बारिश और ओलावृष्टि के असर को लेकर आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो फसलों को नुकसान हो सकता है।


पहााड़ी इलाकों में मौसम खराब होने के कारण यात्रा कर रहे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन और मौसम विभाग ने यात्रियों से मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा है।


तेज हवाओं और बारिश के चलते कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जबकि सड़कों पर जलभराव जैसी स्थिति देखने को मिली। हालांकि मौसम ठंडा होने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

