

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार जिला मुख्यालय पर मंगलवार को जन अधिकार पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।


प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, गैंगरेप की घटनाओं और अवैध खनन को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया गया।

जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।


उन्होंने कहा कि कई महिला अपराधों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है।
आजाद अली ने पुलिस प्रशासन पर भी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के आरोप लगाए। उनका कहना था कि आम जनता की शिकायतों पर गंभीरता नहीं दिखाई जाती, जबकि राजनीतिक दबाव में काम किया जा रहा है।


प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में बढ़ते अवैध खनन को लेकर भी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी के कारण खनन माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण और स्थानीय लोगों दोनों को नुकसान पहुंच रहा है।


प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई, कानून व्यवस्था में सुधार और अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की गई।
जन अधिकार पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

