

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


रामनगर में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार रविवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध की तलाश शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान कोतवाली के कांस्टेबल गगन भंडारी और महबूब आलम ने मंगलार चौराहे के पास दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान शमी निवासी आदर्श कॉलोनी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे कोतवाली लाकर पूछताछ की गई।

सुमित पांडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

