

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


सोमवार 11 मई 2026 को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी की विभिन्न शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी तकनीकी और प्रशासनिक इकाइयों की कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान साइबर सेल, डीसीआरबी, शिकायत प्रकोष्ठ, फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट, टेक्निकल सेल, सूचना सेल, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, मोबाइल ऐप, सिटी कंट्रोल रूम, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा सीसीटीवी यूनिट की कार्यप्रणाली और तकनीकी संसाधनों की विस्तार से समीक्षा की गई।


साइबर सेल और फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और रिकवरी रेट बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।


सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी नजर रखने और सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि अफवाहों पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

शिकायत प्रकोष्ठ और मोबाइल ऐप की समीक्षा के दौरान आम जनता की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति पर चर्चा की गई। एसएसपी ने मोबाइल रिकवरी और डिजिटल सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

सिटी कंट्रोल रूम और सीसीटीवी यूनिट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पीए सिस्टम और कैमरा सिस्टम की दक्षता को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।



टेक्निकल सेल और सूचना सेल में चल रहे सभी पोर्टल और सॉफ्टवेयरों के संचालन की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी ऑनलाइन प्रविष्टियों को समय पर अपडेट करने और कार्यों को पूरी तरह व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
डीसीआरबी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध अभिलेख, गुमशुदगी रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई। सभी रिकॉर्ड को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शाखाएं अपने रिकॉर्ड को शत-प्रतिशत अपडेट रखें और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार और त्वरित न्याय पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर पुलिसिंग को स्मार्ट, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी, एसपी संचार नैनीताल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी शामिल रहे।

