कालाढूंगी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संतोष पाण्डेय बने ब्लॉक अध्यक्ष

कालाढूंगी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संतोष पाण्डेय बने ब्लॉक अध्यक्ष

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

कालाढूंगी में कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन करते हुए नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष संतोष पाण्डेय की ताजपोशी का कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद महेन्द्र पाल, नैनीताल कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, जिला पंचायत सदस्य अर्णव कम्बोज, महिला जिलाध्यक्ष खष्टि बिष्ट तथा हल्द्वानी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोलादत्त भट्ट सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।

इस दौरान संगठन में नई जिम्मेदारी के तहत महिला नगर अध्यक्ष के रूप में रणजीत कौर को भी नियुक्त किया गया, जिससे महिला संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम माना जा रहा है।

नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को और अधिक सशक्त बनाकर यहां से कांग्रेस विधायक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने नई टीम का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। संतोष पाण्डेय ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने भी इस मौके पर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।