चकराता में 2027 चुनावी सरगर्मी तेज, रामशरण नौटियाल ने बढ़ाई राजनीतिक सक्रियता

चकराता में 2027 चुनावी सरगर्मी तेज, रामशरण नौटियाल ने बढ़ाई राजनीतिक सक्रियता

स्थान : देहरादून 
ब्यूरो रिपोर्ट

चकराता विधानसभा क्षेत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने क्षेत्र में अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है, जिससे राजनीतिक माहौल गर्माता नजर आ रहा है।

अपने अभियान की शुरुआत उन्होंने प्रसिद्ध हनोल स्थित महासू महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद वे लगातार क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लोगों से संपर्क साधते नजर आए।

इसी कड़ी में रामशरण नौटियाल चकराता के दूरस्थ क्षेत्र कथियान में आयोजित हिंदू सम्मेलन में भी शामिल हुए। यह सम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य हिंदू समाज में एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना बताया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिला कार्यवाह रविंद्र चौहान, जिला प्रचारक सौरभ, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान और पूर्व जनजाति आयोग अध्यक्ष मूरत राम शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली, जहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

मीडिया से बातचीत में रामशरण नौटियाल ने कहा कि 2027 का चुनावी बिगुल बज चुका है और पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि पिछली गलतियों से सीख लेते हुए इस बार संगठन और अधिक मजबूत रणनीति के साथ आगे बढ़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि चकराता विधानसभा में विकास और संगठनात्मक मजबूती के बल पर पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। नौटियाल ने भरोसा जताया कि आने वाले चुनाव में जनता का समर्थन पार्टी के पक्ष में रहेगा और परिणाम सकारात्मक होंगे।