

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे मंच के सदस्यों ने विरोध जताते हुए पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया।


प्रदर्शनकारी नर्सिंग अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से वर्षवार भर्ती की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे हजारों अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

धरना स्थल पर उस समय माहौल और गर्म हो गया जब महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनकारी युवाओं से मुलाकात कर उनकी मांगों को जायज बताया।

समर्थन जताने के दौरान ज्योति रौतेला भी प्रदर्शनकारियों के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गईं। इस दौरान उन्होंने सरकार पर युवाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक वर्षवार भर्ती की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में नर्सिंग अभ्यर्थी मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।


वहीं प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही और प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक आंदोलन करने की अपील करती रही। फिलहाल आंदोलन जारी है और आगे रणनीति पर भी विचार किया जा रहा है।

