बहादराबाद गंगनहर रेगुलेटर के पास लावारिस शव मिलने से सनसनी

बहादराबाद गंगनहर रेगुलेटर के पास लावारिस शव मिलने से सनसनी

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में गंगनहर रेगुलेटर के पास एक लावारिस शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव सड़ी-गली हालत में था और अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना हो सकता है। शव बहादराबाद पुल से रिसर्च कॉलोनी जाने वाले रेगुलेटर के पास मिला।

सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में ले लिया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मौके पर पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया।

पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और मामले की जानकारी तत्काल जल पुलिस को भी दी गई। संयुक्त रूप से पुलिस टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ-साथ गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि शव की शिनाख्त की जा सके।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मृतक की पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है।