

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून के विकासनगर में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 773 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री बनाने के अभियान के तहत विकासनगर पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा डाकपत्थर बैराज से गैस गोदाम जाने वाली गली में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।


चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। जांच में उसके पास से 773 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय अपूर्व थाना निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से नशे के कारोबार में संलिप्त था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद नशे का आदी है और अपने खर्च चलाने के लिए चरस बेचने का काम करता था। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस अब चरस सप्लाई करने वाले संजय नामक व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

