

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


मसूरी में पर्यटन सीजन शुरू होते ही शहर में यातायात व्यवस्था चरमराने लगी है। खासकर गांधी चौक, स्प्रिंग रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग पर लगने वाले लंबे जाम ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे खड़ी गाड़ियां यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बन चुकी हैं। हालात ऐसे हैं कि पांच मिनट का सफर तय करने में लोगों को एक से डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ रहा है।


लोगों ने चिंता जताई कि यदि किसी समय कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए तो मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद मुश्किल हो सकता है। लगातार लग रहे जाम से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।


स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई होटल संचालकों के पास स्वयं की पार्किंग व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते पर्यटकों के वाहन सड़कों के किनारे खड़े कराए जा रहे हैं। इससे सड़कें संकरी हो रही हैं और यातायात बाधित हो रहा है।
कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पार्किंग के नाम पर पर्यटकों से मोटी रकम वसूली जा रही है, लेकिन इसके बावजूद वाहनों को व्यवस्थित पार्क नहीं कराया जा रहा। लोगों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस की ओर से इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्प्रिंग रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।


लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर मसूरी के पर्यटन व्यवसाय पर पड़ सकता है और पर्यटकों के बीच शहर की छवि भी खराब हो सकती है।

