

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


नैनीताल पुलिस द्वारा नशे के तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ANTF, STF कुमाऊं और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो से अधिक अवैध चरस बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।


एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 मई 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र के देवखड़ी में छापेमारी की। यह कार्रवाई सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के सामने स्थित “डी फैशन बुटीक” नामक टेलर की दुकान में की गई।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 2 ग्राम अवैध चरस बरामद की। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रवीण आर्या पुत्र कुशल राम निवासी देवखड़ी दमुवाढूंगा, थाना काठगोदाम और बलवन्त सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी ग्राम तीख, पोस्ट डोला, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 62/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद चरस बागेश्वर क्षेत्र से लाकर सप्लाई की गई थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में STF एंटी नार्कोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरुप, एसआई विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं थाना काठगोदाम पुलिस टीम में एसओ विमल मिश्रा, एसआई दिलीप सिंह, आरक्षी प्रमोद कुमार और आरक्षी कारज सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

