मसूरी में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई, पुलिस वर्दी का दुरुपयोग करने वाला युवक गिरफ्तार

मसूरी में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई, पुलिस वर्दी का दुरुपयोग करने वाला युवक गिरफ्तार

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का इस्तेमाल कर टोल टैक्स और पार्किंग में फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था। युवक शराब के नशे में वाहन चलाता भी पाया गया।

जानकारी के अनुसार मसूरी पुलिस यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर एक वैगनआर कार संख्या यूपी-15-डीजेड-2906 पुलिस को संदिग्ध दिखाई दी।

पुलिस ने देखा कि कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप रखी हुई थी, जबकि पीछे उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी थी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन रोककर जांच की।

जांच में चालक की पहचान विनय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार युवक नशे की हालत में वाहन चला रहा था और कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे।

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं। उसने स्वीकार किया कि वह टोल टैक्स, पार्किंग और अन्य स्थानों पर पुलिसकर्मी होने का फायदा उठाने के उद्देश्य से वर्दी और पी-कैप अपने साथ लेकर चल रहा था।

युवक ने पुलिस से माफी भी मांगी, लेकिन नियमों के उल्लंघन और ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में पुलिस ने वाहन को सीज कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की।

इधर अभियान के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए मौके पर फिल्म उतरवाई। वहीं नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान काटे गए और चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

मसूरी पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 98 चालान किए गए। इनमें 67 चालान नो पार्किंग के तहत न्यायालय भेजे गए। ब्लैक फिल्म के एक चालान में 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर पांच चालानों में कुल 5000 रुपये का जुर्माना किया गया।

इसके अलावा एक कार को ड्रिंक एंड ड्राइव में सीज किया गया, जबकि तीन दोपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 21 चालानों में कुल 12,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आमजन और पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की गई है।