नैनीताल, भीमताल और रामगढ़ में होमस्टे का सत्यापन अभियान तेज

नैनीताल, भीमताल और रामगढ़ में होमस्टे का सत्यापन अभियान तेज

स्थान : नैनीताल 
ब्यूरो रिपोर्ट

डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासन ने पर्यटन सीजन के बीच नैनीताल, भीमताल और रामगढ़ क्षेत्र में होमस्टे संचालकों के खिलाफ सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई से होमस्टे संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

एसडीएम नैनीताल नवाजिश खालिक के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विभिन्न होमस्टे का निरीक्षण किया गया। प्रशासनिक टीम ने दस्तावेज, पंजीकरण और पर्यटकों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की।

एसडीएम नवाजिश खालिक ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी होमस्टे निर्धारित नियमों के तहत संचालित हो रहे हैं या नहीं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान कई बार शिकायतें मिलती हैं कि कुछ होमस्टे संचालक पर्यटकों से मनमाने दाम वसूल करते हैं, जिससे पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रशासन का उद्देश्य पर्यटन व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखना है, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र की पर्यटन छवि भी बनी रहे।

अभियान के दौरान कई होमस्टे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। साथ ही उन्हें सभी जरूरी दस्तावेज और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम विरुद्ध संचालन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।