

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


चंडी देवी मंदिर पैदल मार्ग के पास जंगल क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जंगल में महिला का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची श्यामपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।


प्रारंभिक जांच में शव करीब 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृत महिला की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। महिला के हाथों पर बने टैटू के आधार पर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटनास्थल के आसपास भी पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल शव को पहचान के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।


श्यामपुर पुलिस का कहना है कि आसपास के थानों और अन्य जिलों से भी संपर्क किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही महिला की पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है।

