श्रीनगर गढ़वाल के पास दर्दनाक सड़क हादसा, एक महिला की मौत, चार घायल

श्रीनगर गढ़वाल के पास दर्दनाक सड़क हादसा, एक महिला की मौत, चार घायल

स्थान : श्रीनगर गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

श्रीनगर गढ़वाल से आगे देहलचौड़ी रोड पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। शादी समारोह से लौट रहे पांच लोग उस समय दुर्घटना का शिकार हो गए जब उनकी इको कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर भेंटा गांव (कोट ब्लॉक) से रुद्रप्रयाग जिले के रतूड़ा क्षेत्र की ओर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा देहलचौड़ी रोड पर बेलकंडी गांव के पास अरकनी बैंड से लगभग 800 मीटर आगे हुआ।

बताया जा रहा है कि जैसे ही वाहन इस स्थान पर पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और इको कार करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय राहत-बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खाई में गिरे सभी लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस कर्मी ने अपनी निजी गाड़ी से तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह हो सकती है।