उत्तराखंड दौरे पर कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, भाजपा ने कसा तंज

उत्तराखंड दौरे पर कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, भाजपा ने कसा तंज

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

कुमारी शैलजा एक बार फिर उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के दौरे पर पहुंची हैं। अपने दौरे के दौरान वह पौड़ी, टिहरी समेत विभिन्न जिलों का भ्रमण कर रही हैं। इसके साथ ही उनके बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

उत्तराखंड कांग्रेस इस दौरे को संगठन मजबूती और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने की कवायद के रूप में देख रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदेश प्रभारी लगातार जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को मजबूत करने में जुटी हैं।

वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस प्रभारी के दौरे पर तंज कसते हुए इसे पार्टी की आंतरिक कलह से जोड़ दिया है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी ने कहा कि कांग्रेस प्रभारी को बद्री-केदार धाम में जाकर पार्टी के “शुक्राचार्यों” को शांत करने के लिए मन्नत मांगनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभारी के पिछले दौरे के दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेता कार्यक्रमों से गायब रहे थे, जिससे पार्टी के भीतर आपसी टकराव और गुटबाजी की स्थिति साफ दिखाई दी थी।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस फिलहाल संगठनात्मक संघर्ष और नेतृत्व विवाद से जूझ रही है। ऐसे में प्रभारी का दौरा पार्टी के अंदरूनी हालात को सुधारने का प्रयास माना जा रहा है।

दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार की बयानबाजी कर रही है। पार्टी का पूरा फोकस संगठन को मजबूत करने और जनसरोकार के मुद्दों को उठाने पर है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों को तेज करने में जुटी हुई हैं।