बद्रीनाथ धाम में सेवा दे रहे “खाकी के हीरो” सम्मानित, यात्रियों की मदद में जुटी पुलिस

बद्रीनाथ धाम में सेवा दे रहे “खाकी के हीरो” सम्मानित, यात्रियों की मदद में जुटी पुलिस

स्थान : बद्रीनाथ धाम
ब्यूरो रिपोर्ट

बद्रीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे पुलिस और पीआरडी जवानों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। भारी भीड़ और कठिन परिस्थितियों के बीच जवान लगातार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में जुटे हुए हैं।

सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने जवानों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल ड्यूटी नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारी है।

धाम में पुलिस जवान दर्शन व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, खोया-पाया केंद्र संचालन और श्रद्धालुओं की सहायता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को पूरी मुस्तैदी से संभाल रहे हैं। यात्रा के दौरान पुलिस की सक्रिय भूमिका की श्रद्धालु भी सराहना कर रहे हैं।

चमोली पुलिस के अनुसार यात्रा शुरू होने के बाद से खोया-पाया केंद्र के माध्यम से करीब 22 लाख रुपये कीमत के 55 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए हैं।

इसके अलावा पुलिस ने लगभग 2.50 लाख रुपये की नगदी, करीब दो लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद कर संबंधित लोगों को वापस सौंपे हैं।

भीड़भाड़ के दौरान अपने परिजनों से बिछड़े 48 लोगों को भी पुलिस ने खोजकर सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाया। पुलिस की इस कार्यशैली को श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सराहा है।

एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा ही पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

वहीं सीडीओ अभिषेक त्रिपाठी ने पुलिस और प्रशासन के बेहतर समन्वय की प्रशंसा करते हुए कहा कि कठिन मौसम और भारी भीड़ के बावजूद जवान पूरी निष्ठा और सेवा भावना से अपना दायित्व निभा रहे हैं।